
- वाराणसी के सोराकुआं में कारीगर ने की आत्महत्या
- सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान था मृतक शुभम सामंत
- डेढ़ किलो सोने के बदले चुका चुका था तीन किलो सोना
वाराणसी। आभूषण कारीगर शुभम सामंत उर्फ बिट्टू ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सोराकुआं का है, जहां शुभम चार वर्षों से आभूषण निर्माण का कारोबार कर रहा था। गुरुवार रात मृतक की मां रेखा सामंत की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कर्ज के जाल में फंसा था कारीगर, एक साल पहले हुई थी शादी
पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी शुभम ने चार साल पहले वाराणसी में आकर भाई नरेंद्र के साथ आभूषण निर्माण का कार्य शुरू किया था। जून 2024 में उसकी शादी मेदिनीपुर की सृष्टि से हुई थी, जो इस समय छह माह की गर्भवती है और मायके में है।
परिवार वालों के मुताबिक, शुभम ने डेढ़ किलो सोना ब्रह्मा घाट निवासी संतोष सेठ से सूद पर लिया था, लेकिन इसके बदले वह अब तक तीन किलो सोना और नगद धनराशि चुका चुका था। बावजूद इसके संतोष और उसके परिजन उसे लगातार परेशान कर रहे थे।
बुधवार रात की घटना: मारपीट के बाद मृत मिला बेटा
मृतक की मां रेखा ने बताया कि बुधवार रात संतोष सेठ अपने बेटे, पत्नी, बेटी और अन्य लोगों के साथ घर आए और ऊपर की मंजिल पर चल रहे कारखाने में जाकर शुभम से बहस करने लगे। आरोप है कि उन्होंने शुभम के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
रात 11 बजे तक यह सब चलता रहा और जाने से पहले आरोपी घर से आभूषण, नकदी और एक डायरी भी ले गए। कुछ देर बाद जब रेखा ऊपर पहुंचीं, तो शुभम अचेत पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच करवाई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।








