
- अलीगढ़ में नगर निगम ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली
- मेयर, सांसद, अधिकारियों ने रैली को दिखाई हरी झंडी
- रैली अटल चौक से शुरू होकर मैरिस रोड पर समाप्त
अलीगढ़। शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को साफ-सफाई के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से रविवार को नगर निगम द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत सेंटर प्वाइंट स्थित अटल चौक से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया नेतृत्व
स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाने वालों में मेयर प्रशांत सिंघल, सांसद सतीश गौतम, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। रैली में सभी ने पैदल चलकर लोगों को सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया और शहर को स्वच्छ रखने की अपील की।
रैली का रूट और गतिविधियां
यह रैली अटल चौक से शुरू होकर मैरिस रोड चौराहे पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश, कोल विधायक अनिल पराशर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दुकानदारों से मुलाकात कर साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
लोगों से संकल्प पत्र भरवाए गए और उनसे प्लास्टिक का उपयोग न करने, कूड़ा कचरेदान में डालने और सड़कों व नालियों में कूड़ा न बहाने का वचन लिया गया।
स्वच्छता की शपथ और कर्मचारियों को प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग शामिल थे। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को भी प्रेरित किया गया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करें ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
रैली में अलीगढ़ कमिश्नर संगीता सिंह, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी प्रो. तारिक़ मंसूर, मानवेंद्र सिंह, चौ. ऋषिपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह लाला, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, नगर निगम के अधिकारी, यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि यह अभियान यहीं खत्म नहीं होगा, बल्कि पूरे शहर में लोगों को जागरूक करने का कार्य लगातार जारी रहेगा।








