जयराम वर्मा इंटर कॉलेज में मिड-डे मील घोटाला उजागर: बच्चों को कम भोजन

  • मंडलीय जांच में दूध व भोजन की भारी कमी का खुलासा
  • 110 पंजीकृत छात्रों में मात्र 40 के लिए पर्याप्त भोजन मिला
  • मात्र 6 किलो चावल और 250 ग्राम सोयाबीन से बनी तहरी

अंबेडकरनगर | जिले के केदारनगर स्थित जयराम वर्मा बापू स्मारक इंटर कॉलेज, नाऊसाण्डा में मध्यान्ह भोजन योजना (Mid-Day Meal) के नाम पर घोर अनियमितताएं सामने आई हैं। मंडलीय जांच में दूध और भोजन की भारी कमी के साथ-साथ बच्चों की फर्जी उपस्थिति दिखाकर खाद्यान्न घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है।

शिकायत पर शुरू हुई जांच, सामने आईं चौंकाने वाली बातें

मामला उस समय सामने आया जब स्थानीय निवासी श्रीमती रीमा और रामजग ने 14 जुलाई को विद्यालय प्रशासन के खिलाफ मिड-डे मील में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अयोध्या मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कौस्तुभ कुमार सिंह के निर्देश पर 22 अगस्त को मंडलीय समन्वयक (एमडीएम) द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि पंजीकृत 110 छात्रों में से केवल 85 छात्रों को लाभान्वित बताया गया, जबकि भोजन की मात्रा मात्र 40 बच्चों के लिए पर्याप्त थी।

मात्र 6 किलो चावल और 250 ग्राम सोयाबीन में बनी तहरी

निरीक्षण के दिन विद्यालय में तहरी बनाई गई थी, जिसमें मात्र 6 किलो चावल और 250 ग्राम सोयाबीन का उपयोग किया गया। इस मात्रा में भोजन अधिकतम 40 छात्रों के लिए ही पर्याप्त था। वहीं, दूध की आपूर्ति भी केवल 6 लीटर ही की गई, जो कि 85 उपस्थित बच्चों के लिए अत्यंत कम है।

Back to top button