
- लखनऊ में ऑटो चालक की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या
- आरोपी मोहित को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
- दिव्यांग पवन ही घर का खर्च उठाता था
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उन्मेदखेड़ा मोड़ पर एक ऑटो चालक की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गादियाना निवासी पवन के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी को भागते देख ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
ऑटो में की गई हत्या, आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पवन सुबह ऑटो लेकर घर से निकला था। रास्ते में उसका परिचित मोहित मिला, जो सड़क पर काफी देर से टहल रहा था। उसने ऑटो रुकवाया और अचानक धारदार हथियार से पवन पर हमला कर दिया। वारदात के समय ग्रामीणों ने आरोपी को भागते देखा और पीछा कर पकड़ लिया।
दिव्यांग पवन ही घर का खर्च उठाता था
जानकारी के अनुसार, मृतक पवन दोनों पैरों से दिव्यांग था। पिता की मौत के बाद वह घर का खर्च चलाने के लिए ऑटो चलाता था। करीब डेढ़ महीने पहले ही उसने नया ऑटो खरीदा था। परिवार के अनुसार, वह बेहद मेहनती था और घर का पूरा जिम्मा उसी के कंधों पर था।







