अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर हो रही ब्लैकमेलिंग

भियांव क्षेत्र में साइबर ठगों का नया और खतरनाक तरीका सामने आया है। अब ठग लोगों को अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। खुद को पुलिस या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर वे पीड़ितों को डराते हैं और पैसों की मांग करते हैं।

ताज मोहम्मद को आया धमकी भरा कॉल

हाल ही में भियांव निवासी ताज मोहम्मद को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को “क्राइम ब्रांच अधिकारी” बताया और आरोप लगाया कि ताज मोहम्मद ने एक पोर्न वेबसाइट पर अश्लील वीडियो देखा है। इसके बाद उन्हें गंभीर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई।

ताज मोहम्मद ने बताया कि कॉलर की बातों से वह घबरा गए। कुछ देर बाद उनके व्हाट्सएप पर एक वीडियो आया, जिसमें कुछ लोग एक युवक को पुलिस की वर्दी में पीटते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के माध्यम से ठग उन्हें डराने और दबाव में लाने की कोशिश कर रहे थे।

ब्लैकमेलिंग का मनोवैज्ञानिक हथियार

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का तरीका है। ठग पहले डर का माहौल बनाते हैं, फिर ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। इस तरह की कॉल में पीड़ित को बताया जाता है कि उनका ‘रिकॉर्डेड वीडियो’ मौजूद है, जिसे वायरल करने की धमकी भी दी जाती है।

Back to top button