
- अस्पताल प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित की, तीन दिन में रिपोर्ट मांगी
- सीएमएस ने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया
- मरीजों और गरीबों के साथ न्याय सुनिश्चित करने का दावा
अम्बेडकरनगर। जिले के मुख्य चिकित्सा केंद्र (जिला अस्पताल) में ऑपरेशन के बाद रॉड निकालने के लिए मरीजों से रिश्वत लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक वर्ष पूर्व पैर की हड्डी टूटने पर ऑपरेशन कराए गए युवक के भाई ने आरोप लगाया कि अस्पताल के कर्मचारी ने रॉड निकालने के लिए 5 हजार रुपये मांगे। पैसे न होने पर ये रकम घटाकर 2,500 रुपये मांगे गए। इस मामले का एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।हालांकि इसकी पुष्टि तमसा संकेत नहीं करता है।
ऑपरेशन के बाद अस्पताल में रिश्वतखोरी का आरोप, वायरल हुआ ऑडियो-वीडियो
मामले का खुलासा अकबरपुर क्षेत्र के राबीबहाउद्दीनपुर निवासी मुकेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि उनके भाई विशाल का एक साल पहले जिला अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था, जिसमें पैर में रॉड डाला गया था। अब जब रॉड निकालने के लिए वे अस्पताल पहुंचे तो कर्मचारियों ने इलाज के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की। जब पैसों की बात हुई तो कर्मचारी ने मांग 2,500 रुपये तक कम कर दी।
ऑडियो में कर्मचारी की आवाज साफ सुनाई दे रही है, जिसमें वह पैसे के साथ चार सौ रुपये की रसीद और दस्ताने (गलव्स) लाने की बात भी कह रहा है। यह वीडियो और ऑडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है।








