
- जीएसटी पर छूट को लेकर रवि किशन और अखिलेश यादव में जुबानी जंग
- सांसद बोले– 3 हजार का जैकेट 1600 में दिलाऊंगा, गोरखपुर आकर देखिए
- अखिलेश ने सोशल मीडिया पर कहा– झूठे न हों, अज्ञानी जरूर हैं
गोरखपुर। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गोरखपुर आएं तो मैं उन्हें वही दुकान दिखाऊंगा जहां 3 हजार का जैकेट 1600 में मिल रहा है। जीएसटी रिफॉर्म से गरीबों को 50% तक फायदा हो रहा है।
दरअसल, रवि किशन ने 22 सितंबर को कहा था कि जीएसटी सुधार के बाद 100 रुपए का सामान 45 रुपए में, 5 हजार का सामान 2600 रुपए में और 3 हजार की जैकेट 1600 रुपए में मिल सकती है। इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उनका वीडियो शेयर कर लिखा कि ‘‘ये झूठे भले न हों, लेकिन अज्ञानी जरूर हैं’’।
रवि किशन ने कहा– ‘‘गरीब के लिए 10-20 रुपए की छूट भी बड़ा फायदा है। अखिलेश जी सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, उन्हें गरीबों का दर्द नहीं पता। हम मिट्टी के घर से आए हैं, हमारी पहचान सच है।’’
उन्होंने गोरखपुर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जहां पहले गंदगी और लाशें बहती थीं, वहां अब क्रूज चल रहा है। ‘‘गरीबी देख चुके लोग ही देश चलाने का दर्द समझते हैं।’’
आजम खान की रिहाई पर रवि किशन ने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया है, उन्हें जमानत मिली है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब गुंडाराज खत्म हो चुका है, भाजपा 2027 में भी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।








