
अंबेडकरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा चलाए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के अंतर्गत मालीपुर रोड स्थित पानी टंकी के सामने का क्षेत्र इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। पहले जहां कूड़े-कचरे का अंबार रहता था, अब वहां सेल्फी प्वाइंट बनाकर उसे एक आकर्षक स्थल में तब्दील कर दिया गया है। रंग-बिरंगी वॉल पेंटिंग और साफ-सुथरा वातावरण लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
156 घंटे का सफाई अभियान बना उदाहरण
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए गए इस विशेष स्वच्छता अभियान में नगर के चिन्हित स्थलों पर स्वच्छता लक्षित इकाई (CTU) के तहत व्यापक सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य किए गए। मालीपुर रोड पानी टंकी के सामने का क्षेत्र भी इनमें शामिल था। जहां पहले गंदगी और बदबू का आलम था, वहां अब दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी, साफ नालियां और व्यवस्थित वातावरण दिखाई देता है।
सड़क किनारे बना सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
सौंदर्यीकरण कार्य के अंतर्गत न केवल नालियों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत की गई, बल्कि वॉल पेंटिंग के माध्यम से सामाजिक संदेशों और सुंदर चित्रों से दीवारों को सजाया गया है। यही नहीं, इन दीवारों पर बने सेल्फी प्वाइंट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। राह चलते लोग रुक कर यहां फोटो खिंचवा रहे हैं और सोशल मीडिया पर साझा भी कर रहे हैं।








