
- नगर पंचायत की सड़कों की खस्ता हालत से जनजीवन प्रभावित
- स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना मरीजों के लिए बना चुनौती
- गड्ढों, झाड़ियों और जलभराव से बढ़ रहा हादसों का खतरा
जहांगीरगंज (अम्बेडकरनगर)। जहांगीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों की बदहाली ने आमजन का जीवन मुश्किल कर दिया है। नगर पंचायत कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाली सड़कें गड्ढों, झाड़ियों और जलभराव की वजह से खतरे का कारण बन गई हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन हालात से आंखें मूंदे बैठा है।
गड्ढों से पटी सड़क, चलना भी हुआ मुश्किल
नगर पंचायत के भीतर कई सड़कें वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही हैं। कार्यालय और स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्त्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधाओं तक जाने वाली सड़कें घुटनों तक झाड़ियों से ढकी हुई हैं। इन सड़कों पर बने विशाल गड्ढे और बिखरी गिट्टियां आए दिन राहगीरों के लिए खतरा बन रही हैं। हल्की बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाने से हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि इन सड़कों पर न तो नियमित सफाई होती है और न ही किसी प्रकार की देखरेख। रात के समय यहां से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है।
स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना बना चुनौती
जहांगीरगंज के नारियांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए मरीजों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क की खस्ताहाली के कारण गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और गंभीर मरीज भी स्वास्थ्य सेवाओं तक समय से नहीं पहुंच पा रहे।
तेज़ बारिश या जलभराव की स्थिति में यह सड़क पूरी तरह से बंद हो जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार मरीजों को वाहन से नहीं, बल्कि स्ट्रेचर या गोद में उठाकर केंद्र तक पहुंचाना पड़ता है।








