- कानपुर में सीवर टैंक हादसा, राजमिस्त्री रिंकू की मौत
- करंट लगने से असंतुलित होकर टैंक में गिरा
- परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया
कानपुर। नवाबगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें 30 वर्षीय राजमिस्त्री रिंकू की करंट लगने के कारण मौत हो गई। रिंकू उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के हिंदूपुर दबौली गांव के निवासी थे और कुछ दिनों से नवाबगंज के सूर्य विहार में निर्माण कार्य कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रिंकू सीवर टैंक का ढक्कन कटर मशीन से काट रहे थे, तभी उन्हें अचानक करंट लगा। असंतुलित होकर वह टैंक में गिर गए। साथ काम कर रहे मजदूर ने टैंक में चप्पल देखकर शंका जताई और शोर मचाया। आसपास के लोगों की मदद से रिंकू को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक रिंकू की पत्नी सोनम और एक साल की बेटी आरोही हैं। परिवार ने बताया कि तीन दिन बाद बेटी का मुंडन होना था और घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। रिंकू की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया।
परिजनों ने ठेकेदार आज़ाद बाबा पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सुरक्षा उपकरण के बिना काम कराने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और परिजनों को शांत कराया।
नवाबगंज इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।








