
इटावा। बिग बॉस फेम यूट्यूबर मृदुल तिवारी शो से बाहर आने के बाद पहली बार अपने पैतृक शहर इटावा पहुंचे। उन्हें देखने के लिए हजारों फैंस की भीड़ जमा हुई और जगह-जगह फूल माला से स्वागत किया गया।
भीड़ की उत्सुकता इतनी बढ़ गई कि सेल्फी लेने की होड़ में कुर्सियां टूट गईं और बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश हुई। पुलिस इस दौरान भीड़ को काबू में नहीं कर सकी। मृदुल तिवारी ने महज 12 मिनट रुकने के बाद गुस्से में कार्यक्रम पूरा किए बिना लौट गए।
इससे पहले, 1.5 करोड़ की डिफेंडर में सवार होकर मृदुल रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों कारों और बाइकों का काफिला भी था। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई:
ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए काफिले के 9 वाहनों का चालान किया और 57 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह ने कहा कि “यह कोई शक्ति प्रदर्शन का मंच नहीं है। नियम तोड़े जाएंगे तो कार्रवाई होगी।”








