लखनऊ में सुबह से साफ मौसम, चटक धूप
आज तापमान 26°C अधिकतम और 11°C न्यूनतम रहने का अनुमान
शाम को बढ़ेगी सर्दी, चलेगी ठंडी हवाएं
लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार की सुबह साफ मौसम और चटक धूप के साथ शुरू हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में हल्की गर्माहट रहेगी, लेकिन शाम को ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 23 से 83 फीसदी के बीच रही। नवंबर में तापमान औसत से कम रहा है और मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले तीन महीनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
लखनऊ की हवा मॉडरेट श्रेणी में, कई स्टेशन यलो जोन में
मंगलवार सुबह शहर के 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI 143 दर्ज किया गया, जो मॉडरेट (यलो) श्रेणी में आता है।
- लालबाग: 196
- तालकटोरा: 176
- अलीगंज: 138
- गोमतीनगर: 133
- अंबेडकर यूनिवर्सिटी: 129
- कुकरैल पिकनिक स्पॉट: 84 (संतोषजनक स्तर)
सीपीसीबी के मुताबिक, सोमवार शाम शहर का AQI 139 रिकॉर्ड किया गया था।
आने वाले 3 महीने क्यों अधिक ठंडे रहेंगे?
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इस बार सर्दी सामान्य से ज्यादा तीखी रहने के संकेत हैं। नवंबर में प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 1–2 डिग्री कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान में भी 1–3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।
उन्होंने बताया कि:
- प्रशांत महासागर में ला नीना की परिस्थितियां अभी कमजोर होते हुए भी सक्रिय हैं।
- हिंद महासागर का नकारात्मक इंडियन ओशन डाइपोल भी तटस्थ स्थिति की ओर बढ़ रहा है।
इन दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से दिसंबर से फरवरी के बीच प्रदेश में सामान्य से कम तापमान बने रहने की संभावना है।
शीतलहर के दिनों में बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पूर्वांचल के दक्षिणी हिस्से को छोड़कर उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में इस बार शीतलहर के दिनों की संख्या बढ़ सकती है।
जहां सामान्य तौर पर प्रदेश में 4–6 दिन शीतलहर रहती है, वहीं इस बार कई जिलों में शीतलहर के 2–5 दिन अधिक रिकॉर्ड होने की संभावना है।








