
अम्बेडकरनगर। टांडा तहसील क्षेत्र में सोमवार देर रात नहर का माइनर कट जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। फूलपुर गांव के पास हुई इस घटना में दर्जनों किसानों की लगभग 30 बीघा फसल पानी में डूब गई। गेहूं, चना, सरसों और आलू की खड़ी फसलें जलमग्न होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पानी छोड़े जाने के कुछ देर बाद हुआ कट
सोमवार रात नहर की सफाई के बाद जब माइनर में पानी छोड़ा गया, उसी दौरान कुछ ही समय में माइनर कट गया। पानी का तेज बहाव खेतों की ओर मुड़ गया, जिससे आसपास के कृषि क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते कई किसानों के खेतों में पानी भर गया और खड़ी फसलें डूब गईं।
दर्जनों किसानों को नुकसान
इस घटना में मोहम्मद नजीम, श्यामलाल, जयराम, मोहम्मद बुधू और शकील सहित कई किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों के अनुसार एक ही रात में उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया। खेतों में भरा पानी गेहूं, चना, सरसों और आलू की फसलों के लिए गंभीर नुकसान का कारण बना है।
सुबह पहुंची प्रशासन की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर कटे हुए माइनर की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। अधिकारियों ने पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी इंतजाम भी कराए, ताकि अन्य खेतों को नुकसान न पहुंचे।









