चार थानाक्षेत्रों से गुजरा हुड़दंग करता वाहनों का काफिला, वीडियो वायरल

अम्बेडकरनगर। जिले में अवधी गायक संजय यदुवंशी के कार्यक्रम से पहले उनके स्वागत के नाम पर सड़कों पर खुलेआम स्टंटबाजी और हुड़दंग का मामला सामने आया है। युवकों ने चलती गाड़ियों के बोनट और शीशों के बाहर खड़े होकर स्टंट किए, जिससे यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं। इस दौरान किसी भी स्तर पर रोक-टोक नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार गायक के कार्यक्रम के लिए निकला वाहनों का काफिला जिले के महारुआ, अकबरपुर, सम्मनपुर और बसखारी थानाक्षेत्र से होकर गुजरा। पूरे रास्ते युवकों द्वारा स्टंटबाजी, शोर-शराबा और हुड़दंग जारी रहा। काफिले में शामिल कई गाड़ियों पर युवक बोनट पर बैठे, शीशों के बाहर लटकते और छतों पर खड़े होकर नारेबाजी करते नजर आए।

चार थानों की सीमा से गुजरा काफिला
बताया जा रहा है कि यह काफिला एक नहीं बल्कि चार थानाक्षेत्रों से होकर गुजरा। महारुआ, अकबरपुर, सम्मनपुर और बसखारी क्षेत्र में जगह-जगह स्टंटबाजी की गई। इसके बावजूद कहीं भी पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। न तो वाहनों को रोका गया और न ही स्टंट कर रहे युवकों को हटाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काफिले के गुजरने के दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा और दुर्घटना की आशंका बनी रही।

यातायात नियमों की खुली अनदेखी
स्टंटबाजी के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित यातायात नियमों का पालन नहीं किया गया। तेज रफ्तार वाहनों पर इस तरह की हरकतें न केवल स्टंट कर रहे युवकों के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों के लिए भी खतरा बनी रहीं। इसके बावजूद किसी भी चौराहे या मुख्य मार्ग पर पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button