प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने मुख्य मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन

अंबेडकरनगर: जिले के महामाया जिला चिकित्सालय में प्रसव के बाद एक 23 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक महिला नौशीला, पत्नी मेराज, की अचानक मृत्यु के बाद परिजनों ने अस्पताल की महिला चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर जाम लगा दिया। घटना के कारण यातायात बाधित हो गया।

पोस्टमार्टम के बाद उभरा विवाद

प्रसव के तुरंत बाद नौशीला की मृत्यु होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने जब शव घर लाया तो उनका गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला चिकित्सक की कथित लापरवाही के कारण नौशीला की जान गई। गुस्साए परिजन न्याय की मांग करते हुए मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

पुलिस की सक्रियता से खुला जाम

जाम की सूचना पर अकबरपुर थाना प्रभारी निवास पांडेय टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया और गुस्से को शांत कराया। काफी समय की समझाइश के बाद परिजनों ने जाम हटा दिया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक    की लापरवाही के कारण नौशीला की मौत हुई। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच नियमों के अनुसार निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button