
अम्बेडकरनगर। जनपद पुलिस विभाग में नियुक्त महिला आरक्षी शिखा सिंह ने अपनी खेल प्रतिभा से जिले और पुलिस विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025–26 के अंतर्गत आयोजित योगा प्रतियोगिता में शिखा सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता 13 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 तक आंध्र प्रदेश के अमरावती में आयोजित की गई थी। देशभर से विभिन्न राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया। कड़े मुकाबले और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच महिला आरक्षी शिखा सिंह ने आर्टिस्टिक ग्रुप (योगा) स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि रिदमिक पेयर (योगा) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी तकनीकी दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई
महिला आरक्षी की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) हरेंद्र कुमार ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अधिकारियों ने कहा कि शिखा सिंह का यह प्रदर्शन जनपद पुलिस की खेल प्रतिभा को दर्शाता है और यह उपलब्धि पुलिस बल के अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अनुशासन और मेहनत का परिणाम
पुलिस विभाग के अनुसार, शिखा सिंह नियमित ड्यूटी के साथ-साथ खेल अभ्यास में निरंतर सक्रिय रही हैं। योगा जैसे तकनीकी और संतुलन आधारित खेल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना उनके निरंतर परिश्रम, शारीरिक फिटनेस और मानसिक एकाग्रता का परिणाम है। प्रतियोगिता के दौरान उनके प्रदर्शन को निर्णायक मंडल द्वारा उच्च अंक प्रदान किए गए।








