
आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर शनिवार सुबह 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने जगन्नाथ पुरी से लौट रही सवारियों से भरे दो ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो उछलकर पेड़ से टकराया
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे लगभग 10 फीट दूर पेड़ से टकरा गए। इसके बाद वे गड्ढे में पलट गए। टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी छत उड़ गई। लोगों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
ट्रक चालक नशे में था, ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक नशे में था और 100 की रफ्तार में जलेसर रोड की तरफ लहराते हुए आ रहा था। पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी और उसे 50 मीटर तक घसीटते ले गया, फिर दूसरे ऑटो को टक्कर मार दी। घटना के बाद लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर पिटाई कर दी।
सवारियों की पहचान और घटना का विवरण
बताया जा रहा है कि दोनों टेम्पो में बैठे लोग एक ही गांव के थे और आगरा स्टेशन से अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस और अस्पताल में आपात व्यवस्था
एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









