
कानपुर। शहर में रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ता लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
बच्चों की भूख से बेहाल परिवार
कल्याणपुर क्षेत्र की एक महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके घर में कई दिनों से गैस नहीं है, जिससे बच्चे भूख से तड़प रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 7 दिनों से एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल सका है।
एजेंसियों पर लंबी लाइन, शटर बंद
जेके मंदिर के पास स्थित भगवत इंडेन गैस एजेंसी पर लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन एजेंसी का शटर तक नहीं खुला। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
बुजुर्ग भी लाइन में खड़े
कल्याणपुर स्थित सत्य साईं गैस एजेंसी पर 60 वर्षीय नरेंद्र कुमार जैसे बुजुर्ग भी सिलेंडर के लिए लाइन में लगे नजर आए। उन्होंने बताया कि उन्होंने 17 मार्च को सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई।








