वाराणसी में देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या

मिर्जामुराद क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी गिरफ्तार; परिवार और गांव में मातम

  • मिर्जामुराद में देवर ने की भाभी की हत्या
  • कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, मौके पर मौत
  • अवैध संबंध को लेकर होता था विवाद

वाराणसी: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने भाभी पर सिर, गर्दन और पैर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान पूनम पटेल (28) के रूप में हुई है, जो अमिनी गांव की रहने वाली थीं और लच्छापुर गांव में अपने ससुराल में रहती थीं। उनका विवाह 28 जून 2020 को सुजीत कुमार से हुआ था, जो वाराणसी के रेलवे कार्यालय में कार्यरत हैं।

घटना के समय घर में चीख-पुकार मच गई। सबसे पहले सास मौके पर पहुंचीं, जहां उन्होंने बहू का खून से लथपथ शव देखा और पास में आरोपी देवर अजीत पटेल बैठा हुआ था। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी साली (भाभी की बहन) से संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन भाभी इस रिश्ते के खिलाफ थीं, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी इसी बात पर कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि महिला का पैर कटकर अलग हो गया और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button