
- अंबेडकर जयंती से पहले श्रद्धांजलि कार्यक्रम
- दारुलशफा से प्रतिमा तक निकला मार्च
- “यूजीसी लागू करो”, “आरक्षण दो” के नारे
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले अपना दल (कमेरावादी) की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और “समता संकल्प मार्च” निकालकर सामाजिक समानता का संदेश दिया।
यह मार्च दारुलशफा से शुरू होकर अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान “यूजीसी लागू करो” और “आरक्षण का अधिकार दो” जैसे नारे गूंजते रहे।
पल्लवी पटेल रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल मुख्य रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने देश को संविधान के रूप में एक मजबूत सुरक्षा कवच दिया है।
संविधान से मिला अधिकार
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रयासों से दलितों, पिछड़ों और देश के हर नागरिक को ऐसे अधिकार मिले, जो उनकी सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के हर समतावादी व्यक्ति को बाबा साहब के विचारों को याद रखना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए।
समतावादी नेताओं को याद करने की अपील
इस दौरान उन्होंने बीपी मंडल और ज्योतिबा फुले जैसे महान सामाजिक सुधारकों को भी याद किया और उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।









