क्यों लगा जुर्माना, क्या मिली खामियां और कैसे भड़के महापौर?

बंद मिला नया शौचालय तो 5000 का दंड, जलभराव और अतिक्रमण पर भी नाराजगी; सुधार के कड़े निर्देश

Varanasi नगर निगम के कोतवाली जोन में पराड़कर भवन के पास बने नए शौचालय के बंद मिलने पर महापौर अशोक तिवारी ने सख्ती दिखाई। निरीक्षण के दौरान शौचालय बंद पाए जाने पर उन्होंने जिम्मेदारों से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जानकारी न मिलने पर संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।

महापौर इन दिनों सप्ताहव्यापी महा-अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में मैदागिन क्षेत्र के कोतवाली जोन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह फैली गंदगी, जलभराव और अतिक्रमण देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तुरंत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मैदागिन चौराहे पर संकटहरण महादेव मंदिर के सामने जलभराव को साफ कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कोतवाली चौकी के पास टाउनहॉल बाउंड्री से सटी सड़क को चौड़ा करने को कहा गया। अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के सामने नाली पर अतिक्रमण और जाम की समस्या पर भी महापौर ने सख्त रुख अपनाया और तुरंत अतिक्रमण हटाने व सफाई कराने के आदेश दिए। वहीं एक इमारत को लेकर भी नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button