
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के आशापार गांव में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। 50-52 वर्षीय संतोष तिवारी पर अज्ञात हमलावर ने उस समय हमला किया, जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर पशु आश्रय के पास खाट पर सो रहे थे। हमलावर ने धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
घटना के समय पास में सो रही पत्नी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सुबह ग्रामीणों ने घायल अवस्था में संतोष तिवारी को जलालपुर ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने बताई सामान्य दिनचर्या
मृतक के छोटे पुत्र के अनुसार, संतोष तिवारी शनिवार को कन्नुपुर में एक बारात में गए थे। देर रात लौटने के बाद वह घर के बाहर सोने चले गए थे। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था।
पुलिस ने तीन टीमें गठित कीं
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावर का कोई सुराग नहीं मिला है।
पुरानी घटना की याद ताजा
यह घटना क्षेत्र में पहले हुई एक समान वारदात की याद दिलाती है। सितंबर 2025 में जैतपुर थाना क्षेत्र के मुस्कुराई गांव में ऑटो चालक रामस्वरूप की भी सोते समय धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने उनके बेटे को संदिग्ध बताया था, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका।









