
- महाराजपुर क्षेत्र में दर्दनाक घटना से मचा हड़कंप
- मां और दो बेटियों की हैलट अस्पताल में मौत
- तीन साल से मायके में रह रही थी महिला
- पुलिस ने शुरू की जांच, कारण अब तक अस्पष्ट
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में तीनों को हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चांदनी पासवान (33) के रूप में हुई है, जो महाराजपुर के नजफगढ़ क्षेत्र के निवासी रामपाल की बेटी थीं। चांदनी की शादी करीब 12 साल पहले मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र के नगला सीताराम निवासी राकेश से हुई थी। इस दंपती की दो बेटियां पायल (7) और ब्यूटी (5) थीं।
परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले चांदनी का अपने पति से तलाक हो गया था, जिसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ अपने मायके में रह रही थीं। परिवार में उनकी मां शांति देवी हैं, जबकि पिता रामपाल गुजरात में एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह चांदनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पूछताछ करने पर उसने बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तीनों को हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।









