मुरादाबाद में तेंदुए का हमला: गन्ना काट रहे किसान पर झपटा, इलाके में दहशत

  • कांठ क्षेत्र में किसान पर तेंदुए का हमला
  • 40 वर्षीय कपिलदेव सिंह गंभीर रूप से घायल
  • ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया

मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मंगलवार सुबह गन्ना काट रहे 40 वर्षीय किसान कपिलदेव सिंह पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

कपिलदेव सिंह, रायपुर खुर्द गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 7 बजे वह अपने खेत में बीज के लिए गन्ना काट रहे थे। इसी दौरान गन्ने की फसल में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। हमले के दौरान उनके माथे, चेहरे और कंधे पर गहरे घाव हो गए।

उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ भागकर गन्ने के खेत में छिप गया।

घायल किसान को तुरंत कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही राजीपुर खद्दर गांव में भी तेंदुए ने हमला कर 6 वर्षीय बच्ची को घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से रायपुर खुर्द, डुडैला, मिलक, पहाड़मऊ, महमूदपुर भगवानदास, भरतपुर और मैडेया समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रीशचंद्र श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह ने टीम के साथ खेतों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल सका।

ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है, ताकि तेंदुए को जल्द पकड़कर लोगों को राहत दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button