
- लखनऊ में सुबह करीब डेढ़ घंटे तक तेज आंधी और बारिश
- मड़ियांव में दीवार गिरने से अंकित शर्मा (34) की मौत
- विभूति खंड में अमित यादव की जान गई, दो युवक घायल
लखनऊ। लखनऊ में सोमवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चली तेज बारिश और हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, वहीं दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई।
मड़ियांव क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान एक दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से 34 वर्षीय अंकित शर्मा की मौत हो गई। वहीं विभूति खंड में भी एक हादसे में अमित यादव की जान चली गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह करीब 8:20 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। कुछ ही मिनटों में तेज तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। सुल्तानपुर रोड समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और नाले उफान पर आ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
वहीं मलिहाबाद क्षेत्र में आम बागवानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। तेज हवाओं के कारण पेड़ों से कच्चे आम बड़ी संख्या में गिर गए। बागवानों का कहना है कि उनकी लागत तक निकलना मुश्किल हो गया है और उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है।









