
अम्बेडकरनगर के आलापुर तहसील क्षेत्र स्थित न्यौरी बाजार में विद्युत विभाग की लापरवाही से ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। फेंसिंग और जाली न होने के कारण आए दिन मवेशी करंट की चपेट में आ रहे हैं।
मंगलवार को फिर हुई घटना
मंगलवार को 100 केवीए ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक बकरे की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई पशु करंट लगने से मर चुके हैं।
कई स्थानों पर नहीं लगी सुरक्षा जाली
जानकारी के अनुसार जलालपुर मुख्य मार्ग स्थित निबिहावा पोखरा के पास 250 केवीए ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाली और फ्यूज टेस्ट नहीं लगाया गया है। वहीं रामनगर रोड स्थित दूसरे 250 केवीए ट्रांसफार्मर पर भी अधूरी फेंसिंग लगी है।
न्यौरी गांव के पश्चिम दिशा में स्थित 100 केवीए ट्रांसफार्मर पूरी तरह खुले में है। यहां पशुओं के साथ-साथ छोटे बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में बनी हुई है।
लगातार हो रही घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार मई महीने के पहले सप्ताह में ही इसी ट्रांसफार्मर के पास लगभग आधा दर्जन पशुओं की करंट लगने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग को कई बार सुरक्षा जाली लगाने की सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।









