
- मथुरा में पुलिस एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश ढेर
- कारोबारी के घर डकैती में थे शामिल आरोपी
- पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में मारे गए
- मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल
मथुरा। मथुरा में गुरुवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बाबरिया गिरोह के दो इनामी डकैत मारे गए। दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए बदमाशों की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू (35) और राजेंद्र उर्फ पप्पू (55) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के रहने वाले थे और हाल ही में किराना कारोबारी के घर हुई डकैती में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल की रात टैंटीगांव इलाके में किराना कारोबारी अजय अग्रवाल के घर पर सात बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने बदमाशों की तलाश के लिए 17 पुलिस टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बदमाश यमुना एक्सप्रेस-वे के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे दोनों बदमाश पल्सर बाइक से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी गोली लगने से घायल हो गए।









