
- प्रेस क्लब चुनाव से पहले सदस्यता सूची पर विवाद
- छूटे पत्रकारों के नाम जोड़ने की मांग
- निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की उठी मांग
- बृजेन्द्र वीर सिंह ने समिति से की अपील
अम्बेडकरनगर प्रेस क्लब के चुनाव 2026 को लेकर जिले में हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले अब सदस्यता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। कई पत्रकारों और ब्यूरो चीफ ने चुनाव संचालन समिति से मांग की है कि जिन सक्रिय पत्रकारों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें पहले जोड़ा जाए। इसके बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
पत्रकारों का कहना है कि जिले में लंबे समय से काम कर रहे कई मीडिया कर्मियों के नाम सदस्यता सूची में नहीं हैं। ऐसे में यदि चुनाव कराया जाता है तो निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठ सकते हैं। पत्रकारों ने साफ कहा कि सभी पात्र पत्रकारों को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।
तमसा संकेत व न्यूज 24 के ब्यूरो चीफ बृजेन्द्र वीर सिंह ने चुनाव संचालन समिति से मांग की है कि जिले के सभी छूटे हुए पत्रकारों और ब्यूरो चीफ का नाम पहले सदस्यता सूची में शामिल किया जाए। इसके बाद ही चुनाव प्रक्रिया कराई जाए।
बृजेन्द्र वीर सिंह का कहना है कि प्रेस क्लब पत्रकारों का साझा मंच है। ऐसे में किसी भी सक्रिय पत्रकार का नाम सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र पत्रकारों को मतदान का अधिकार मिलना जरूरी है, तभी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी माना जाएगा।
चुनाव संचालन समिति से की अपील
उन्होंने चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष सर्वजीत त्रिपाठी और समिति के अन्य सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि सदस्यता सूची का पुनरीक्षण कराया जाए। साथ ही जिन पत्रकारों के नाम अब तक नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी शामिल किया जाए।









