
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा की पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुलाम रसूल “छोटू” ने कहा कि महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के साथ हुई घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रा के अपहरण, बंधक बनाकर दुष्कर्म और प्रताड़ना जैसी घटनाएं बेहद गंभीर हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई की मांग उठाई
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन पर किसी तरह का दबाव न बने।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीड़िता को समुचित आर्थिक सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अकबरपुर असगर अली, विकलांग प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जहांगीरगंज कपिलदेव बारी, सै. चमन मेहदी जैदी, कपिल देव वर्मा, रीतेश तिवारी, आफताब आलम, पवन वर्मा, तिलेसर, मनोज और दल सिंगल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।









