यूपी भाजपा ने घोषित की नई प्रदेश कार्यकारिणी

64 सदस्यीय टीम में 52 को मिली जगह, पूजा पाल और नीरज सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने गुरुवार को अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। 64 पदाधिकारियों की इस सूची में 52 लोगों को प्रदेश टीम में स्थान दिया गया है, जिसमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं।

नई कार्यकारिणी में 19 उपाध्यक्ष, 19 मंत्री, 8 महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारी भी सूची में शामिल हैं।

इस बार समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा में शामिल हुईं विधायक पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को भी प्रदेश टीम में जगह मिली है और उन्हें उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो इस बार कुल 12 महिलाओं को प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। इनमें 4 महिला उपाध्यक्ष, 1 महिला महामंत्री और 7 महिला प्रदेश मंत्री शामिल हैं। यह संख्या पिछली कार्यकारिणी के समान ही बताई जा रही है।

पार्टी संरचना में इस बार ठाकुर और ब्राह्मण वर्ग के पदाधिकारियों की संख्या में थोड़ी कमी देखी गई है। ठाकुरों की संख्या 7 से घटकर 6 और ब्राह्मणों की संख्या 8 से घटकर 6 रह गई है। वहीं पिछली कार्यकारिणी से 4 उपाध्यक्ष—सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, मोहित बेनीवाल और धर्मेंद्र सिंह—को दोबारा शामिल किया गया है, जबकि 15 नए चेहरे टीम में जोड़े गए हैं।

गौरतलब है कि पंकज चौधरी 14 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। उनके अध्यक्ष बनने के लगभग छह महीने बाद प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button