- जमीन दिलाने का झांसा देकर बुलाया
- प्लॉट के नाम पर लिए 50 हजार रुपये
- कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
- स्कॉर्पियो में अश्लील हरकत का दावा
लखनऊ। लखनऊ के वजीरगंज इलाके में जमीन के दस्तावेज देने के बहाने एक विधवा महिला के साथ कथित दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और स्कॉर्पियो में अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसे चलती गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति का निधन हो चुका है और उसके दो बच्चे हैं। नगराम निवासी एक प्रॉपर्टी कारोबारी ने उसे करीब 800 वर्गफीट का प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। प्लॉट पसंद आने पर महिला ने 50 हजार रुपये नकद दे दिए।
महिला के अनुसार, जमीन के दस्तावेज देने के बहाने उसे 29 मई को कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट बुलाया गया। वहां से आरोपी उसे रेजीडेंसी के पास ले गए और वकील से कागजात लाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो में बैठा लिया। आरोप है कि इसी दौरान उसे नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील हरकत की गई। शोर मचाने पर आरोपियों ने सीएमओ कार्यालय के पास चलती गाड़ी से धक्का दे दिया।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।









