स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत पर महिला आयोग की नजर

जिला महिला अस्पताल में बंद मिली लिफ्ट; अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने शुक्रवार को जनपद के दौरे के दौरान जिला महिला चिकित्सालय, वन स्टॉप सेंटर और जिला कारागार का निरीक्षण किया। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा की और जनसुनवाई में आई शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और लैपटॉप भी वितरित किए गए।

महिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की जांच, बंद मिली लिफ्ट

दौरे की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय के निरीक्षण से हुई। अध्यक्ष ने दवा वितरण काउंटर, पर्चा काउंटर, वजन जांच मशीन, रैंप, प्रसूति वार्ड, आपातकालीन कक्ष और अस्पताल के अभिलेखों की विस्तार से जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की लिफ्ट बंद मिली। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लिफ्ट संचालक की तैनाती नहीं होने के कारण सेवा बाधित है। अध्यक्ष ने इस व्यवस्था को जल्द बहाल कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में भी फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े।

कन्या जन्मोत्सव में शामिल हुईं, नवजात बेटियों के परिवारों को किया सम्मानित

अस्पताल परिसर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। इस दौरान अस्पताल में जन्मी नवजात बालिकाओं और उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। उन्हें बेबी किट और फल वितरित किए गए। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों को भी फल दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button