यूपी में मानसून फिर एक्टिव, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

  • सहारनपुर में 2 घंटे की बारिश से जलभराव
  • 15 से अधिक शहरों में रुक-रुककर तेज बारिश
  • IMD ने सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से नोएडा, मेरठ, गोंडा, सहारनपुर समेत 15 से अधिक शहरों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। सहारनपुर में तड़के करीब चार बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई हिस्सों में दो से तीन फीट तक जलभराव हो गया।

डीएम ऑफिस और अफसरों की कॉलोनी में भरा पानी

भारी बारिश के कारण सहारनपुर के डीएम कार्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। ऑफिसर्स कॉलोनी, जहां जिला जज, कमिश्नर और नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं, वहां भी जलभराव की स्थिति बन गई। कई कॉलोनियों, घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया।

रायबरेली में खेत में मिली सुरंग

रायबरेली में लगातार बारिश के बाद खेत में करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। ग्रामीणों ने जब इसकी जांच की तो अंदर सुरंग जैसी संरचना दिखाई दी। सूचना मिलने पर एएसआई मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

75 जिलों में बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें सात जिलों में बहुत भारी और 53 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बारिश से हादसे भी हुए

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास करीब 45 वर्ष पुराना पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे नीचे खड़ी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं रामपुर में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चे उफनते नाले में गिर गए। एक बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button