- स्कूल की छत पर पीटी के दौरान हुआ हादसा
- बिजली के पाइप में करंट आने से गई छात्र की जान
- लापरवाही पर पीटी शिक्षक को किया गया बर्खास्त
गुजरात के सूरत में एक सरकारी स्कूल की छत पर पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के दौरान करंट लगने से 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र अब्दुल रहमान की मौत हो गई। यह घटना मानदरवाजा क्षेत्र स्थित सुमन सरकारी स्कूल में मंगलवार को हुई। गंभीर हालत में छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजली के पाइप में था करंट
स्कूल प्रशासन के अनुसार, मैदान में तीन स्कूलों के छात्र मिड-डे मील खा रहे थे। इसी वजह से पीटी की कक्षा स्कूल की छत पर कराई जा रही थी। इसी दौरान छत पर लगे बिजली के पाइप में करंट होने के कारण छात्र उसकी चपेट में आ गया।
साथी छात्र ने बताई घटना
प्रत्यक्षदर्शी छात्र के मुताबिक, पीटी के दौरान अब्दुल का पैर फिसल गया और वह सीधे बिजली के पाइप से टकरा गया। करंट लगने के बाद वह करीब एक मिनट तक तड़पता रहा। इसके बाद एक शिक्षक ने लकड़ी की मदद से उसे पाइप से अलग किया और सीपीआर देने का प्रयास किया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद स्कूल के प्रिंसिपल छात्र को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, छात्र के शरीर पर करंट लगने और चोट के कई निशान पाए गए।
लापरवाही पर कार्रवाई
प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद पीटी शिक्षक शेख बहाउद्दीन अजीमुद्दीन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
ऑटो चालक का बेटा था अब्दुल
मृतक अब्दुल रहमान के पिता सलीम शेख सूरत के उमरवाड़ा लो-कॉस्ट कॉलोनी में रहते हैं और ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में तीन बच्चे हैं।









