अंबेडकरनगर। संसदीय क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सांसद लालजी वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को विस्तृत मांगपत्र भेजा है। उन्होंने नई ट्रेनों के संचालन, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेनों के पुनः संचालन तथा रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की है।
नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की उठाई मांग
सांसद ने पत्र में कहा कि अकबरपुर, अंबेडकरनगर और अयोध्या धाम से नई दिल्ली के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। अयोध्या धाम देश का प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए उन्होंने अयोध्या से नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन संचालित करने का अनुरोध किया है।
अकबरपुर समेत प्रमुख स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह
सांसद ने अकबरपुर जंक्शन, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट और गोसाईगंज रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, कोच इंडिकेटर तथा स्टेशन के पूर्वी छोर पर रेलवे क्रॉसिंग के स्थान पर अंडरपास निर्माण कराने का भी अनुरोध किया है।









