अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से 31 जुलाई से 2 अगस्त तक केडी बाबू सिंह स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित होने वाली 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट एवं 43वीं सीनियर राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अंबेडकरनगर का पहला दल लखनऊ पहुंच गया है। खिलाड़ियों के साथ कोच रजत मौर्य भी मौजूद हैं। प्रतियोगिता से पहले सभी खिलाड़ियों का आधिकारिक वजन (वेट-इन) भी पूरा कर लिया गया।
विभिन्न भार वर्गों में उतरेंगे जिले के खिलाड़ी
प्रतियोगिता में दर्पण माथुर सब जूनियर वर्ग के अंडर-38 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करेंगे। एंजल कैडेट वर्ग के अंडर-53 किलोग्राम भार वर्ग के साथ एकल पूमसे स्पर्धा में भी प्रतिभाग करेंगी। कृष्णा शर्मा कैडेट वर्ग के अंडर-53 किलोग्राम, आदित्य कुमार जूनियर वर्ग के अंडर-45 किलोग्राम तथा आकाश गौतम सीनियर वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एक अगस्त को रवाना होगा दूसरा दल
प्रतियोगिता के फ्रेशर वर्ग में भाग लेने के लिए जिले के 17 अन्य खिलाड़ी एक अगस्त को कोच अभिषेक मौर्य के नेतृत्व में लखनऊ रवाना होंगे। एसोसिएशन को खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
अंबेडकरनगर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मंगेश कुमार मन ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन करेंगे।









