- विश्वविद्यालय में शुरू हुई पेपरलेस वर्किंग
- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया ई-ऑफिस का उद्घाटन
- 1.25 लाख से अधिक छात्रों को मिली डिजिटल डिग्री
- 248 शोधार्थियों को प्रदान की गई पीएचडी
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार, 31 जुलाई से पेपरलेस वर्किंग की शुरुआत हो गई। विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने ई-ऑफिस प्रणाली का उद्घाटन किया। दीक्षांत समारोह का आयोजन KGMU के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में किया गया।
समारोह में कुलाधिपति ने 1 लाख 25 हजार 239 विद्यार्थियों को डिजिटल डिग्रियां प्रदान कीं। कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में 44 देशों के छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 93,536 स्नातक, 31,006 परास्नातक, 419 डिप्लोमा तथा 30 ऑनलाइन शिक्षा के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके अलावा 248 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की गई।
दीक्षांत समारोह में 111 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 204 पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 80 छात्राएं और 31 छात्र शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की। नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर मुख्य अतिथि रहे, जबकि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी भी समारोह में शामिल हुईं।









