भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार सुबह नेपाल से पुणे जा रही एक स्लीपर बस की एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस का चालक केबिन में फंस गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक आगे चल रहे ट्रॉला को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्लीपर बस से उसकी टक्कर हो गई। हादसे से बचने के लिए ट्रॉला चालक ने वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे ट्रॉला पलट गया और बड़ा हादसा टल गया।
यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहे के पास बंजारे का पुरा इलाके में हुई। बस नेपाल के पलिया प्रांत से यात्रियों को लेकर पुणे जा रही थी। मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी और सेवानिवृत्त सैनिक नवल सिंह भदौरिया ने बताया कि वे बस से कुछ दूरी पीछे बाइक से आ रहे थे। उनके अनुसार, हादसे के लगभग 30 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उससे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
भदौरिया ने कहा कि यदि ट्रॉला चालक समय रहते वाहन को सड़क से नीचे नहीं उतारता, तो दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।









