काकोरी में पुलिस टीम पर SUV चढ़ाने की कोशिश, दरोगा घायल

आरोपी ने पुलिस की गाड़ी में भी मारी टक्कर, 5 किमी पीछा करने के बाद जंगल में SUV छोड़कर फरार

लखनऊ। काकोरी थाने की पुलिस टीम पर हमले के वांछित आरोपी ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। आरोपी ने अपनी SUV से पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। इस दौरान केस के विवेचक दरोगा अमित चौधरी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने दौड़ाई SUV

मलिहाबाद के नवीनगर निवासी अभिषेक राजपूत पर 21 जुलाई को काकोरी क्षेत्र में टिंबर व्यापारी जितेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घटना के बाद से काकोरी पुलिस अभिषेक और उसके दो साथियों की तलाश कर रही थी।

रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक अपनी SUV से मलिहाबाद के हरदोई लाल नगर गांव में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही अभिषेक ने SUV स्टार्ट कर दी। आरोप है कि उसने सामने खड़े विवेचक दरोगा अमित चौधरी को वाहन से टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद उसने पुलिस की गाड़ी में भी टक्कर मारी और मौके से भाग निकला।

5 किमी पीछा करने के बाद जंगल में भागा

पुलिस टीम ने आरोपी का करीब 5 किलोमीटर तक पीछा किया। इसके बाद अभिषेक अपनी SUV छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने काफी देर तक जंगल में उसकी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

मौसेरे भाई को हिरासत में लिया

पुलिस ने मौके से आरोपी के मौसेरे भाई दीपक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फरार अभिषेक की तलाश में पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

घायल दरोगा अमित चौधरी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला, जान से मारने के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button