टांडा से सुरहुरपुर तक बदलेगी सड़क की तस्वीर

668 करोड़ के कॉरिडोर का खाका तैयार

अम्बेडकरनगर। टांडा से सुरहुरपुर तक का करीब 30 किलोमीटर लंबा मार्ग आने वाले समय में पूरी तरह नए स्वरूप में दिखाई दे सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले के दौरे के बाद टांडा-सुरहुरपुर मार्ग को नार्थ-साउथ कॉरिडोर से जोड़ने की कवायद ने तेजी पकड़ी है। शासन से प्रस्ताव मांगे जाने के बाद लोक निर्माण विभाग ने करीब 668.08 करोड़ रुपये का नया प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया है। इसमें सड़क चौड़ीकरण के साथ बाईपास, फ्लाईओवर और नदी पुलों का निर्माण शामिल है।
3.75 मीटर से 14 मीटर तक होगी सड़क
टांडा से बरियावन, पट्टी होते हुए सुरहुरपुर तक करीब 29.70 किलोमीटर मार्ग को 14 मीटर चौड़ा करने की योजना प्रस्तावित है। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई अलग-अलग हिस्सों में 3.75, 5.50 और सात मीटर तक है। प्रस्ताव के अनुसार सड़क में नौ मीटर चौड़ा कैरिज-वे होगा। बीच में ढाई मीटर का डिवाइडर और दोनों ओर दो-दो मीटर की पटरी प्रस्तावित है।
बरियावन का जाम हटाने को 700 मीटर फ्लाईओवर
कॉरिडोर की सबसे अहम कड़ियों में बरियावन बाजार का फ्लाईओवर शामिल है। यहां करीब 700 मीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव है। इसके लिए करीब 137.71 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों के दबाव को कम करना और आवागमन को सुगम बनाना है।
सुरहुरपुर में बनेगा 1.9 किमी बाईपास
योजना में सुरहुरपुर में करीब 1.9 किलोमीटर लंबा बाईपास भी प्रस्तावित किया गया है। बाईपास बनने से मुख्य बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button