अंबेडकरनगर। राशन वितरण व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को जिलेभर के कोटेदारों ने कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन किया। अंबेडकर प्रतिमा परिसर में जुटे कोटेदारों ने सप्लाई विभाग और राशन वितरण से जुड़े ठेकेदारों पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर ई-पॉस मशीनें जमा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
निजी बाबुओं की मनमानी का लगाया आरोप
कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष राज कुमार वर्मा उर्फ मेला ने आरोप लगाया कि विभाग और ठेकेदारों की ओर से नियुक्त निजी बाबू कोटेदारों के साथ मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्तर पर कोटेदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने राशन वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन समस्याओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
राशन की बोरियों में कम वजन का आरोप
कोटेदारों ने गोदामों से मिलने वाले राशन की बोरियों में निर्धारित मात्रा से कम वजन होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई जगह गोदाम से राशन उनकी दुकानों तक भी नहीं पहुंचाया जाता। इससे अतिरिक्त परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
राशन कार्डों में नाम जोड़ने-काटने पर भी सवाल
प्रदर्शन के दौरान राशन कार्डों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। कोटेदारों का आरोप है कि पात्रता की जांच किए बिना कुछ राशन कार्डों में नाम जोड़े और काटे जा रहे हैं। इससे राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।









