भंडारा में ट्रक-बोलेरो की टक्कर, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

  • नागपुर-रायपुर हाईवे पर सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा
  • रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी लोग, 3 घायल
  • ट्रक में फंसे वाहन को निकालने के लिए दो JCB लगानी पड़ीं

भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

रायपुर से नागपुर जा रहे थे

बताया गया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव सड़क के पास उनका वाहन ट्रक से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन ट्रक में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद लेनी पड़ी।

पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

नांदेड में भी 6 लोगों की गई थी जान

महाराष्ट्र में इससे एक दिन पहले गुरुवार को नांदेड जिले में भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। नांदेड-भोकर रोड पर सीताखंडी घाट के पास वैन और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई थी।

हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button