अंबेडकरनगर। सुल्तानपुर में आयोजित तीन दिवसीय ओपन राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंबेडकरनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले से बुद्ध वॉरियर्स ताइक्वांडो एकेडमी जलालपुर के दो और ब्लू बेल्स स्कूल अकबरपुर के एक खिलाड़ी ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया।
सुल्तानपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन 11 सितंबर से एसएम डिग्री कॉलेज में किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन ब्लू बेल्स स्कूल के अनंत विक्रम सिंह ने सब-जूनियर वर्ग के अंडर-35 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला किया। शानदार प्रदर्शन के साथ अनंत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुद्ध वॉरियर्स ताइक्वांडो एकेडमी की खुशनूद फातमा ने कैडेट बालिका वर्ग के अंडर-38 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने मुकाबलों में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसी दिन एकेडमी के विनायक सिंह ने कैडेट वर्ग के अंडर-41 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच विनायक ने रजत पदक अपने नाम किया। तीनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में खुशी है।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव हरीश पाल और संयुक्त सचिव अतुल यादव ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। टीम के साथ कोच मंगेश कुमार मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की सफलता पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बृजेश कुमार प्रजापति, मनोज कुमार पाल और रुपेश त्रिपाठी ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।









