अंबेडकरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम वर्मा ने बुधवार को वन स्टॉप सेंटर और बाल कल्याण समिति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। वन स्टॉप सेंटर में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि बाल कल्याण समिति कार्यालय में गंदगी, अधूरी पंजिकाएं और सदस्यों-कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आई। इस पर सचिव ने कार्यालय की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर में सभी कर्मचारी मिले उपस्थित
निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर भवन की साफ-सफाई संतोषजनक मिली। सचिव ने उपस्थिति पंजिका समेत अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। सभी कर्मचारी उपस्थित मिले।
सेंटर में दो बच्चियां भी मिलीं। बच्चियों ने बताया कि उनके अभिभावकों से संपर्क किया गया है। सचिव ने सेंटर की प्रबंधक रेवती राय और अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसी कर्मचारी ने कोई समस्या नहीं बताई।
बाल कल्याण समिति कार्यालय में मिली गंदगी
इसके बाद सचिव ने बाल कल्याण समिति कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष राम नायक वर्मा उपस्थित मिले। चार सदस्यों में वीरेंद्र प्रसाद सिंह उपस्थित थे। अध्यक्ष ने बताया कि उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती है और वह कार्यालय में अधिक समय नहीं रह पाते हैं।
सदस्य शकुंतला गौतम काफी देर बाद कार्यालय पहुंचीं। उनके देर से आने का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। दो अन्य सदस्य मनोज और वत्सला त्रिपाठी अनुपस्थित मिले। अध्यक्ष ने बताया कि दोनों सदस्य अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। कंप्यूटर सहायक आरती भी अनुपस्थित थीं। उनकी अनुपस्थिति के संबंध में अध्यक्ष कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।









