49 युवाओं के हाथ आई नियुक्ति, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेंगे नए कर्मचारी

कलेक्ट्रेट में 30 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 19 एक्सरे टेक्नीशियन को बांटे नियुक्ति पत्र, तीन फार्मासिस्ट जिले के रिक्त पदों पर होंगे तैनात

अंबेडकरनगर। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में अब जिले को 49 नए कर्मचारी मिलेंगे। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 30 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 19 एक्सरे टेक्नीशियन को नियुक्ति पत्र दिए गए। लखनऊ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद जिले में भी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

एमएलसी हरिओम पांडेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में चयनित युवाओं के परिजन और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

2024 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से वर्ष 2024 में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी प्रक्रिया में जिले के अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के 361 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिले में रिक्त तीन पदों पर भी चयनित फार्मासिस्टों की तैनाती की जाएगी।

‘जिम्मेदारी के साथ करें काम’

एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलना महत्वपूर्ण है। जिले के युवाओं का चयन होना उनके लिए उपलब्धि है।

कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने चयनित अभ्यर्थियों से अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने और मरीजों को बेहतर सेवाएं देने की अपील की।

यह भी पढ़े : https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-school-nakshatra-lab/

कार्यक्रम में सीडीओ वैभव मिश्रा, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. जेबी सिंह समेत आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button