ताइक्वांडो बेल्ट टेस्ट में सफल खिलाड़ियों का सम्मान

अगली प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे खिलाड़ी

अंबेडकरनगर। शहर के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को ताइक्वांडो बेल्ट टेस्ट में सफल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजूर आलम अंसारी ने खिलाड़ियों को बेल्ट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों का चयन तकनीकी प्रदर्शन, संतुलन, गति और अनुशासन के आधार पर किया गया।

जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से रविवार को जलालपुर स्थित बुद्धा वॉरियर्स एकेडमी, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में एक दिवसीय बेल्ट टेस्ट आयोजित किया गया था। इसमें जिले की छह अकादमियों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

किक, पंच और फ्लाइंग किक्स का दिखाया प्रदर्शन

बेल्ट टेस्ट के दौरान खिलाड़ियों ने किक, पंच, ब्लॉक, स्टांस, मिक्स तकनीक और फ्लाइंग किक्स का प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, शारीरिक संतुलन और अभ्यास के स्तर का मूल्यांकन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अगली बेल्ट श्रेणी के लिए चयनित किया गया।

इन खिलाड़ियों ने हासिल की नई बेल्ट श्रेणी

येलो बेल्ट श्रेणी में राज विश्वकर्मा, उत्कर्ष, हर्ष, अनुराग, सुशांत गोयल, निधि शाश्वत और प्रज्ञा चौरसिया को बेल्ट प्रदान की गई।

ग्रीन बेल्ट हासिल करने वालों में सारिका गोयल, अग्रिमा श्रीवास्तव, मानवी पाल, आरूही शर्मा और आदित्य कुमार गौतम शामिल रहे।

सुहासिनी वर्मा ने ग्रीन-वन बेल्ट, दर्पण माथुर और एंजल ने रेड बेल्ट तथा आकाश गौतम ने रेड-वन बेल्ट प्राप्त की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में खिलाड़ी

जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मंगेश कुमार मन ने बताया कि बेल्ट टेस्ट में सफल अधिकांश खिलाड़ी 30 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। खिलाड़ी नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी तकनीक को बेहतर बना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बेल्ट टेस्ट खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, क्षमता और प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी को परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रजत मौर्य, कोच अभिषेक मौर्य और सौरभ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button