अंबेडकरनगर। नगर निकायों में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिले की सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। डीएम ने कूड़े का नियमित उठान और सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
सार्वजनिक जगहों पर जमा न हो कूड़ा
डीएम ने नगर निकायवार विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। कूड़े का नियमित उठान हो। सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सफाई बेहतर रखी जाए। कहीं भी कचरा जमा न होने पाए।
सामुदायिक शौचालयों की होगी नियमित जांच
सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई और सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने नियमित सफाई कराने और शौचालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
अध्यक्ष खुद करें क्षेत्र का निरीक्षण
डीएम ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों से अपने क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखने के बाद जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारियों को विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/akbarpur-vehicle-theft-nine-bikes-recovered/
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु समेत जिले की सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।









