लम्पी-एफएमडी से पशुधन की सुरक्षा की कवायद तेज

2.20 लाख पशुओं का टीकाकरण

  • 1.77 लाख पशुओं को एफएमडी और 42,600 गोवंश को लम्पी का टीका, डीएम ने तय लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश

अंबेडकरनगर। गोवंशीय पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए जिले में टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। अब तक 1,77,650 पशुओं को एफएमडी और 42,600 गोवंशीय पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अभियान की लगातार निगरानी करते हुए सभी पात्र पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

जिले में एफएमडी टीकाकरण के लिए 2,99,700 डोज और लम्पी से बचाव के लिए 1,20,000 गोवंशीय पशुओं के टीकाकरण की वैक्सीन उपलब्ध है। विभाग ने शेष पशुओं तक पहुंचने के लिए गांव-गांव टीमें भेजी हैं।

गांवों में टीम, पंचायत सहायकों को भी जिम्मेदारी

पशु चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में पशुधन प्रसार अधिकारी, पशु मित्र और पैरावेट्स टीकाकरण कर रहे हैं। ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को टीम के साथ रहकर टीकाकरण का रिकॉर्ड दर्ज कराने में सहयोग करने को कहा गया है। इससे अभियान की प्रगति की निगरानी की जा सकेगी।

अभी जिले में बीमारी के प्रकोप की सूचना नहीं

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जिले में फिलहाल लम्पी स्किन डिजीज और एफएमडी के प्रकोप की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने पशुपालकों से टीकाकरण टीमों को सहयोग देने की अपील की है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-govansh-teekakaran-abhiyan/

उन्होंने बताया कि किसी गोवंश में तेज बुखार, मुंह से लार गिरना या शरीर पर कठोर गांठ जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे अन्य पशुओं से अलग रखें। ऐसे पशु को चरने के लिए बाहर न भेजें और तत्काल पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button