गुजरात। गुजरात में एक बार फिर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। अहमदाबाद में बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय, कोबा स्थित कार्यालय और प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर को निशाना बनाने की धमकी एक अज्ञात ईमेल के जरिए दी गई। ईमेल में गुजरात के मुख्यमंत्री पटेल का भी जिक्र किया गया है।
अनजान ईमेल में बम रखने का दावा
धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि गुजरात के सोमनाथ मंदिर समेत कई स्थानों पर बम रखे गए हैं। ईमेल में देश-विरोधी और विवादित बातें लिखी गई थीं। आरोपी ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे भी लिखे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान सामने नहीं आई है।
बीजेपी कार्यालय पहुंची पुलिस टीम
धमकी की सूचना मिलते ही अहमदाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिसकर्मियों के साथ फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वॉड की टीम खानपुर इलाके में स्थित बीजेपी कार्यालय पहुंची। सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर की तलाशी ली और डॉग स्क्वॉड की मदद से कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। धमकी के बाद कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/italy-burqa-niqab-school-ban-meloni/
ईमेल की जांच में जुटी एजेंसियां
धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुट गई हैं। ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसकी भूमिका है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही जिन स्थानों का ईमेल में जिक्र किया गया है, वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।









