- RIMS अस्पताल की SNCU में रात 11:50 बजे आग
- हादसे में दो नवजातों की मौत
- 27 बच्चों में से 25 को निजी अस्पताल भेजा गया
आदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के सरकारी RIMS अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सोमवार रात करीब 11:50 बजे आग लग गई। हादसे में दो नवजातों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के समय यूनिट में 27 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग के बाद 25 बच्चों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
शुरुआती जानकारी में AC में खराबी के बाद विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में एक पांच दिन के नवजात की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दूसरे बच्चे को आग लगने के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। निजी अस्पतालों में भर्ती 25 बच्चों में से दो की हालत गंभीर है, जबकि अन्य नवजातों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढे़ : https://www.tamsasanket.com/asp-harendra-kumar-transfer-agra/
सीएम ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने नवजातों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों में भर्ती बच्चों को बेहतर और एडवांस मेडिकल केयर उपलब्ध कराने तथा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के साथ ही अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को कहा।









